Ranchi News: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में ‘कंप्यूटर टेक्नोलॉजी’ पुस्तक का विमोचन
कुलपति के हाथों हुआ लोकार्पण, छात्रों को मिलेगी बड़ी शैक्षणिक सहायता
रांची के DSPMU में ‘कंप्यूटर टेक्नोलॉजी’ पुस्तक का विमोचन किया गया। यह पुस्तक नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत तैयार की गई है और छात्रों के लिए सरल भाषा में महत्वपूर्ण तकनीकी विषयों को प्रस्तुत करती है।
रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), राँची में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर के कर-कमलों द्वारा नई पुस्तक ‘कंप्यूटर टेक्नोलॉजी’ (Computer Technology) का विधिवत लोकार्पण किया गया।
इस पुस्तक का लेखन डॉ. राहुल देव साह, डॉ. राजेंद्र कुमार महतो और डॉ. आई. एन. साहू के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। तीनों लेखकों ने अपने शैक्षणिक अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता को इस पुस्तक में समाहित किया है।

विमोचन के अवसर पर कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति के पाठ्यक्रमों के लिए प्रामाणिक अध्ययन सामग्री की कमी महसूस की जा रही थी, जिसे यह पुस्तक दूर करेगी। यह न केवल छात्रों की विषय समझ को बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें परीक्षाओं और शोध के लिए भी तैयार करेगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें कुलसचिव डॉ. धनंजय बासुदेव द्विवेदी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. संतोष सूची बरवार, वित्त पदाधिकारी डॉ. अनीता मेहता, प्रॉक्टर डॉ. राजेश सिंह, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अन्य शिक्षकगण शामिल थे।
इसके अलावा साइंस डीन डॉ. नमिता सिंह, सोशल साइंस डीन डॉ. सर्वोत्तम कुमार, ह्यूमैनिटीज डीन डॉ. अयूब, डॉ. अभय कृष्णा सिंह, डॉ. शालिनी लाल एवं अन्य गणमान्य लोगों ने लेखकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में लेखकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि यह पुस्तक सरल भाषा और सटीक जानकारी के कारण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
