Chatra News: बारात लेकर जा रही गाड़ी पलटी, 25 वर्षीय चालक की मौके पर दर्दनाक मौत
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, संघरी घाटी में बड़ा हादसा
चतरा के संघरी घाटी में बारात लेकर जा रही गाड़ी पलटने से चालक रजा खान की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
चतरा: जिले के सदर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा की खबर सामने आई है। बिहार के गया जिले से चतरा आ रही एक बारात की गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। संघरी घाटी के पास हुए इस हादसे में गाड़ी के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
इस घटना ने शादी वाले घर के साथ-साथ पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना चतरा सदर थाना क्षेत्र के संघरी घाटी स्थित यादव होटल के समीप की है। जानकारी के अनुसार, बिहार के गया जिले के हेमजापुर, शेरघाटी निवासी 25 वर्षीय रजा खान (पिता- मोहम्मद मुश्ताक अली खान) बुधवार रात करीब 12 बजे बारात लेकर चतरा आ रहे थे। तभी अचानक एक अज्ञात वाहन के चकमे या उसे बचाने के प्रयास में बारात की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि चालक रजा खान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद रजा खान के शव को गाड़ी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि एक बेलगाम वाहन को बचाने के चक्कर में चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया था। पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों की तलाश कर रही है।
रजा खान की मौत की खबर मिलते ही शेरघाटी में उनके परिजनों के बीच कोहराम मच गया है। बारात की खुशियों का इस तरह मातम में बदल जाना वाकई झकझोर देने वाला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का उपचार जारी है।
