Bokaro News: चुआड़ विद्रोह के नायक रघुनाथ महतो की याद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
चन्दनकियारी में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम
बोकारो के चन्दनकियारी प्रखंड में रघुनाथ महतो के 248वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।
बोकारो: रघुनाथ महतो स्मारक समिति की ओर से चंदनकियारी प्रखंड के सितानाला स्थित रघुनाथ महतो पथ के समीप रविवार को चुआड़ विद्रोह के महानायक, पुरखा शहीद रघुनाथ महतो के 248वें शहादत दिवस पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष उत्तम कुमार महतो ने की, जबकि संचालन किसान नेता राजू रजवार ने किया।
अध्यक्ष उत्तम कुमार महतो ने कहा कि ईस्ट इंडिया कंपनी राज की दमनकारी नीतियों के खिलाफ देश में पहली बार आवाज उठाने वाले और देश के प्रथम शहीद रघुनाथ महतो के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है।

किसान नेता सह समिति के संरक्षक जगन्नाथ रजवार ने कहा कि आज हम ऐसे दौर में शहीद रघुनाथ महतो का शहादत दिवस मना रहे हैं, जहां महिलाएं असुरक्षित हैं, किसान सड़कों पर हैं और सरकार तथा विपक्ष पलायन करने वाले मजदूरों की लाशें गिनने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि जनविरोधी नीतियां लगातार थोपी जा रही हैं और सरकारी शिक्षण संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बजाय निजी संस्थानों को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसान-रैयतों की जमीन की सुरक्षा के नाम पर उनका शोषण हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इस उन्माद और अव्यवस्था को समाप्त करने के लिए शहीद महतो के विचारों को आत्मसात कर उनके दिखाए मार्ग पर चलना होगा, ताकि भयमुक्त समाज का निर्माण हो सके और शहीदों के सपनों का राज्य एवं देश बनाया जा सके।
मौके पर झामुमो के संस्थापक सदस्य दुर्गा चरण महतो, किसान नेत्री नुनीवाला उरांव, संतोष महतो, अजीत महथा, मधुसूदन महतो, गिरीधारी महतो, विभीषण महतो, जन्मेजय महतो, भागीरथ महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
