Ranchi News: तालाब में डूबने से दो मासूमों की मौत, मछली पकड़ने गए थे बच्चे
आनन-फानन में अस्पताल पहुँचाने के बावजूद डॉक्टरों ने बच्चों को मृत पाया
राँची जिले के रातू प्रखंड अंतर्गत बाजपुर पंचायत के पंडरा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहाँ तालाब में मछली पकड़ने और नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 10 वर्षीय आयुष उरांव और 8 वर्षीय जॉन खलखो के रूप में हुई है। ग्रामीण दोनों बच्चों को बचाने के लिए तत्काल अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
रांची: रातू थाना क्षेत्र स्थित रातू प्रखंड अंतर्गत बाजपुर पंचायत के पंडरा गांव में शनिवार को तालाब में डूबने से दो बच्चो की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चे तालाब में मछली पकड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान वे नहाने के लिए तालाब के गहरे वाले हिस्से में चले गए। इससे दोनों बच्चे डूब गये। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान करमा उरांव के पुत्र आयुष उरांव (10) और जोसवा खलखो के पुत्र जॉन खलखो (08) के रूप में की गई है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के जरिये दोनों बच्चों को तालाब से तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि तालाब में नहाने के क्रम में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची थी। दोनों बच्चों के शवों को तालाब से निकाल लिया गया और आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
