Bokaro News: 18 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी, गांव में मातम
पुलिस ने मौके से बरामद किया नशे का सामान
बोकारो के गोमिया प्रखंड में 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। युवक के घर में शादी की तैयारी चल रही थी, लेकिन इस घटना ने माहौल को शोक में बदल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बोकारो: बोकारो जिला स्थित गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुसको कर्बला मैदान के पास जंगल में चतरोचट्टी रविदास टोला निवासी जमुना रविदास के छोटे बेटे, 18 वर्षीय सतीश कुमार रविदास का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के बड़े भाई राजकुमार रविदास का विवाह आगामी 21 अप्रैल को तय था। घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था और मंगल गीत गाए जा रहे थे, लेकिन इस अनहोनी ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। युवक की अचानक मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

पुलिस के पहुंचने से पहले मृतक के परिजनों ने शव को पेड़ से उतार लिया था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब शव की तलाशी ली, तो युवक की जेब से गांजा और कफ सिरप की दो छोटी बोतल बरामद हुई। वहीं, एक स्मार्ट फोन और घटना में प्रयुक्त नई रस्सी भी जब्त की गई।
पिता जमुना रविदास और मां सुमन देवी द्वारा हत्या की आशंका से इनकार किए जाने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किसी मानसिक तनाव में था या नहीं।
