Koderma News: घाटी में भीषण टक्कर: ओवरटेक के चक्कर में पलटा कोयला लदा ट्रक, दो गंभीर
सूचना मिलते ही सागर कुमार गिरी और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची
कोडरमा घाटी के नौवां माइल पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहाँ ओवरटेक करने के प्रयास में एक प्लाई लदे ट्रक ने आगे चल रहे कोयला लदे ट्रक को टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में कोयला लदा ट्रक पलट गया और प्लाई लदे ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बिहार के बरबीघा निवासी तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया है।
कोडरमा: थाना अंतर्गत घाटी स्थित नौवां माइल के समीप रविवार की सुबह दो ट्रकों की आपस की भिड़ंत हो गई। जिससे ट्रक में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक कोयल लदी ट्रक रामगढ़ से निकलकर कोडरमा घाटी के रास्ते बिहार की ओर जा रही थी। वहीं एक अन्य ट्रक जिसमें प्लाई लोड था, वह ठीक कोयला लदे गाड़ी के पीछे बिहार की ओर ही जा रही थी।
इसी दौरान कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप एक ढलान पर प्लाई लदा ट्रक का चालक कोयला लदे ट्रक से ओवरटेक करना चाहा। लेकिन वह अनियंत्रित हो गया और उसने कोयल लदे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कोयला लदी ट्रक सड़क के किनारे पलट गई। घटना में प्लाई लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें बैठे चालक व उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बरबीघा (बिहार) निवासी 22 वर्षीय सुधीर कुमार तथा बिट्टू कुमार, दिनेश कुमार के रूप में की गई है।

