Dumka News: 6 महीने से खराब पड़ा जलमीनार, पानी के लिए तरसे ग्रामीण
झिकरा पंचायत के सरस्वाद गांव का मामला
दुमका जिले के कठिकुंड प्रखंड के सरस्वाद गांव में मुख्यमंत्री जल नल योजना पिछले छह महीनों से ठप पड़ी है। जलमीनार में लगे मोटर खराब होने के कारण पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है, जिससे ग्रामीणों को नदी का पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
दुमका: प्रखंड के झिकरा पंचायत के सरस्वाद गांव में मुख्यमंत्री जल नल योजना ठप हो गई है, जिससे ग्रामीण नदी का पानी पीने के लिए मजबूर हैं। जलमीनार में लगाए गए मोटर खराब हो जाने के कारण पिछले छह माह से पानी की आपूर्ति बंद है।
बताया जाता है कि सरस्वाद गांव निवासी रामकुमार मिर्धा के घर के सामने स्थापित मुख्यमंत्री जल नल योजना का जलमीनार करीब छह माह से खराब पड़ा है। इसकी सुध लेने वाला न तो कोई पदाधिकारी है और न ही कोई जनप्रतिनिधि। मोटर खराब होने के कारण जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने मुखिया और जल प्रतिनिधि को इसकी सूचना दी है, लेकिन अब तक जलमीनार की मरम्मत नहीं कराई गई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द जलमीनार को ठीक कर पानी आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
