इंदिरा गांधी की जयंती पर जिला कांग्रेस कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि

कोडरमा: आज जिला कांग्रेस कार्यालय में देश की प्रथम और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने सर्वप्रथम इंदिरा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात सभी नेताओं ने उनके जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया।

मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए इंदिरा गांधी ने अपनी जान की कुर्बानी दी और देश विरोधी ताकतों को नेस्तनाबूद करने का काम किया, वह हमेशा याद किया जाएगा। इंदिरा गांधी की गुटनिरपेक्ष नीति के तहत भारत ने उनके नेतृत्व में दुनिया को एक नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने दुनिया के नक्शे पर एक नए देश का उदय कराकर भारत विरोधी देश पाकिस्तान की कमर तोड़ने का काम किया। आज भी पाकिस्तानी सेना द्वारा भारतीय सेना के सामने किया गया आत्मसमर्पण दुनिया का सबसे बड़ा सैन्य समर्पण माना जाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऐसी महान महिला के नेतृत्व में काम किया है। आज देश में जिस तरह की अराजकता और वैमनस्य का माहौल फैलाया जा रहा है, ऐसे में हम सभी कार्यकर्ताओं का फर्ज है कि इंदिरा गांधी के रास्तों पर चलकर भारत में पुराना सौहार्दपूर्ण माहौल कायम करें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मौके पर मुख्य रूप से निजामुद्दीन, लड्डू खान, अशोक विश्वकर्मा, धनंजय सिंह, सरफराज अंसारी, मुख्तार, बेलाल अहमद हुसैनी, सुदामा राम, विनीत भास्कर, रियाज आलम, मनिर, शाहनवाज आलम, संतोष वर्मा, अवैश अहमद, एहसान और सूरज आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More