भारत समिट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे ऋषीकेश सिंह, कांग्रेस नेताओं ने दी बधाई

भारत समिट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे ऋषीकेश सिंह।

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह को तेलंगाना सरकार द्वारा हैदराबाद में 12 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित द्वितीय भारत समिट – Forging a New World में विशिष्ट प्रतिनिधि (Distinguished Delegate) के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस अंतरराष्ट्रीय समिट में भारत सहित 100 देशों के प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी प्रस्तावित है। यहां ऋषीकेश सिंह युवा नेतृत्व, राजनीति और समसामयिक सामाजिक-राजनीतिक विषयों पर अपनी बात रखेंगे।

झारखंड से इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व का अवसर मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इस उपलब्धि पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रमा खलखो, रविंद्र सिंह, हृदयानंद मिश्रा, विनय सिन्हा दीपू, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, कमल ठाकुर, सोनाल शांति एवं सुनील सिंह सहित प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं एवं कांग्रेसजनों ने ऋषीकेश सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि ऋषीकेश सिंह ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और निरंतर संघर्ष, संगठन के प्रति समर्पण एवं मेहनत के बल पर आज झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रहे ऐसे अवसर उनके राजनीतिक सफर और संगठनात्मक योगदान की पहचान हैं।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ऋषीकेश सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि झारखंड कांग्रेस और प्रदेश के युवाओं के लिए भी गर्व का विषय है। उम्मीद है कि वे इस मंच पर झारखंड की आवाज और युवा नेतृत्व की आकांक्षाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेंगे।

राकेश सिन्हा ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने युवा साथियों की ऐसी उपलब्धियों पर गर्व है।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More