Koderma News: पुलिस छापेमारी के विरोध में पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

कोडरमा: पत्रकार अभिषेक भारती के रांची स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय एवं आवास पर सिमडेगा और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के विरोध में कोडरमा के पत्रकारों ने नाराजगी जताई है। इस संबंध में झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उपायुक्त, कोडरमा के माध्यम से झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पत्रकारों के उत्पीड़न पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला अध्यक्ष कुमार रमेशम एवं जिला महासचिव अनिल सिंह ने किया। मौके पर विशेष रूप से जेजेए के प्रदेश महासचिव संजीव समीर और राष्ट्रीय पार्षद जगदीश सलूजा मौजूद थे। उपायुक्त की अनुपस्थिति में अपर समाहर्ता संजय पीएम कुजूर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ सिमडेगा पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद आनन-फानन में उनके आवास एवं कार्यालय पर छापेमारी की गई। किसी आरोपी को न्यायालय द्वारा दोषी करार दिए जाने से पहले ही अपराधी की तरह व्यवहार करना तथा उसके कार्यालय और आवास को निशाना बनाना निंदनीय है।
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि अभिषेक भारती के कार्यालय को निशाना बनाकर वहां से सामान जब्त करना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है। किसी भी पत्रकार के खिलाफ शिकायत या आरोप होने पर कानून के तहत निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। संगठन का कहना है कि न्यायालय द्वारा दोषी करार दिए जाने तक किसी भी आरोपी को दोषी नहीं माना जा सकता।
हालांकि, संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि पत्रकारिता की आड़ में किसी भी प्रकार के अनुचित आचरण का समर्थन नहीं किया जा सकता, लेकिन मीडिया कर्मियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करना भी दुर्भाग्यपूर्ण है। मीडिया संस्थानों और पत्रकारों की स्वतंत्रता पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पत्रकारों ने सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करने तथा पत्रकारों को अनावश्यक रूप से परेशान करने की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिले के विभिन्न इलाकों से आए पत्रकार मुकेश गोस्वामी, रितेश सिंह, राजेन्द्र बरनवाल, शंकर सोनी, मोनू कुमार, बिनय कुमार, सज्जन शर्मा, अंकित गुप्ता, बिजय बरनवाल, महादेव कुमार, रवि छावड़ा, धीरज कुमार, सन्नी सलूजा, चन्द्रशेखर जोशी, गौतम कुमार, राम कुमार, सन्तोष बरनवाल, जयकांत मोदी, मंटू सोनी, अमित सिंह, उपेंद्र पासवान, प्रेम भारती, सुहानी सिंह, सद्दाम अंसारी, गौतम मोदी आदि शामिल थे।


