Dhanbad News: फतेहपुर मोड़ पर काल बनकर दौड़ा बालू लदा ट्रैक्टर, दुकान में घुसकर 5 को रौंदा
अनियंत्रित वाहन सीधे सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा, जिससे दुकान पूरी तरह जमींदोज हो गई
धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी अंतर्गत फतेहपुर मोड़ पर रविवार को एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने सड़क किनारे स्थित दुकान में घुसकर वहां बैठे 5 लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घायल मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य कर उन्हें अस्पताल पहुँचाया। घटना से आक्रोशित लोगों ने गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग जाम कर बालू लदे ट्रैक्टरों के आतंक के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
धनबाद: जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के फतेहपुर मोड़ पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बालू लदे ट्रैक्टर ने सड़क किनारे स्थित एक दुकान में घुसकर वहां बैठे ०५ लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सभी पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज नजदीकी निजी अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ग्रामीण अकबर के अनुसार, ट्रैक्टर पोखरिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था। अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सीधे सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वहां बैठे लोग बालू और मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर बाद जाम को हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।
Related Posts
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
