मालदा–उधना समर स्पेशल ट्रेन शुरू, साहिबगंज-बरहरवा को बड़ी राहत
12 अप्रैल से 26 जुलाई तक चलेगी ट्रेन
भारतीय रेल ने गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा के लिए मालदा टाउन से उधना के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 12 अप्रैल से 26 जुलाई 2026 तक चलेगी।
साहिबगंज: गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन द्वारा मालदा टाउन और उधना के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। इससे झारखंड और बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09034 मालदा टाउन–उधना समर स्पेशल प्रत्येक रविवार को सुबह 09:30 बजे मालदा टाउन से रवाना होगी। यह ट्रेन 12 अप्रैल 2026 से 26 जुलाई 2026 तक कुल 16 फेरों में चलेगी और तीसरे दिन रात 01:20 बजे उधना पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 09033 उधना–मालदा टाउन समर स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को रात 11:00 बजे उधना से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन 9 अप्रैल 2026 से 23 जुलाई 2026 तक कुल 16 ट्रिप लगाएगी और तीसरे दिन सुबह 11:00 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।

