Hazaribagh News: लाखे में मनाया गया वीर बाबा चौहरमल की जयंती समारोह, निकाली गई भव्य शोभा
रथ पर सवार बाबा चौहरमल के स्वरूप को देखने के लिए उमड़ी भीड़
हजारीबाग के सदर प्रखंड अंतर्गत लाखे ग्राम में पासवान उत्थान समिति द्वारा वीर शिरोमणि बाबा चौहरमल की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। समाजसेवी कुंदन पासवान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्ध जनों को पगड़ी और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। पश्चिम बंगाल से आए कलाकारों के छऊ नृत्य ने समां बांध दिया। कार्यक्रम के बाद बाबा चौहरमल की आकर्षक जीवंत झांकी के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। वक्ताओं ने बाबा चौहरमल की वीरता को याद करते हुए बच्चों की शिक्षा और सामाजिक एकजुटता पर विशेष बल दिया।
हजारीबाग: जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम लाखे में पासवान उत्थान समिति की ओर से वीर शिरोमणि बाबा चौहरमल की जयंती समारोह भव्य रूप से आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के गणमान्य लोगों ने बाबा चौहरमल के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को पगड़पोशी कर सम्मानित किया गया। उन्हें बाबा चौहरमल की तस्वीर एवं तलवार भेंट कर गौरवान्वित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री स्व. ईश्वरी राम पासवान के पुत्र व समाजसेवी कुंदन पासवान ने की, जबकि संचालन झारखंड राज्य एससी-एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पासवान ने किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व मुकेश पासवान, समिति के अध्यक्ष भास्कर कुमार राहुल, सचिव रोहित पासवान, कोषाध्यक्ष संजीत कुमार पासवान, संयोजक प्रदीप पासवान एवं आशीष पासवान सहित अन्य सदस्यों ने किया। समारोह में बंगाल से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छऊ नृत्य ने लोगों का मन मोह लिया। समारोह के समापन के बाद बाबा चौहरमल की जीवंत झांकी के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः लाखे पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाबा चौहरमल की वीरता और त्याग का स्मरण करते हुए समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।

