Sahebganj News: भाजपा केवल जाति-धर्म की लड़ाई और विकास विहीन राजनीति कर रहा: अरुण सिंह
झामुमो का आरोप: एक तरफ सशक्तिकरण का दावा, दूसरी तरफ अपराध में संलिप्त नेता
साहिबगंज परिसदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में झामुमो जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने भाजपा की राजनीति पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने हजारीबाग के विष्णुगढ़ में नाबालिग की हत्या के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा जिस घटना पर सांप्रदायिक राजनीति कर रही थी, उसका मुख्य आरोपी भाजपा नेता भीम राम ही निकला। अरुण सिंह ने भाजपा के 'चाल-चरित्र' पर सवाल उठाते हुए हेमंत सरकार की ओर से दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान झामुमो के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
साहिबगंज: भाजपा केवल जाति-धर्म की लड़ाई और विकास विहीन राजनीति करना जानती है। ये बातें झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने साहिबगंज परिसदन मे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा। उन्होंने हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में नाबालिग बच्ची की नृशंस हत्या के मामले में भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा के 'चाल-चरित्र' पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस घटना पर भाजपा सांप्रदायिक राजनीति कर रही थी, उसका मुख्य आरोपी भाजपा नेता भीम राम ही निकला।
झामुमो जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि एक तरफ भाजपा महिला सशक्तिकरण का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ उनके नेता बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराधों में संलिप्त पाए जा रहे हैं। अरुण सिंह ने हजारीबाग पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने मामले का पदार्फाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हेमंत सरकार ऐसे दरिंदों को फांसी की सजा दिलाने के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी, ताकि समाज में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। प्रेस कॉन्फ्रेंस में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य बबलू मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सह वार्ड पार्षद सुरेंद्र यादव, बोरियो प्रखंड अध्यक्ष स्टीफन मुर्मू सहित अन्य लोग मौजूद थे।
