Koderma News: पुलिस लाइन में तीन दिवसीय मेडिटेशन शिविर का आगाज
ड्यूटी के बोझ और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने के सिखाए गए तरीके
कोडरमा पुलिस लाइन, चंदवारा में शनिवार से पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के लिए तीन दिवसीय मेडिटेशन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। एसपी अनुदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप का उद्देश्य पुलिस बल के कार्य-दबाव को कम करना और उनमें सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। हर्टफुलनेस संस्था, रांची के विशेषज्ञों ने तनाव प्रबंधन और मानसिक एकाग्रता पर प्रशिक्षण दिया। एसपी ने कहा कि चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखना निर्णय क्षमता को बेहतर बनाने के लिए अनिवार्य है।
कोडरमा: शनिवार से पुलिस लाईन, चंदवारा में सभी स्तर के पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के सर्वांगीण मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य, भावनात्मक सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए तीन दिवसीय मेडिटेशन कार्यक्रम का आयोजन प्रारंभ हुआ। यह तीन दिवसीय कार्यकम प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को प्रथम दिन के प्रथम सत्र में हुआ, जिसमें प्रशिक्षित योग एवं ध्यान विशेषज्ञों सर्वश्री राजेन्द्र प्रसाद एवं अनुज कुमार वैद्य, हर्टफुलनेस संस्था, रांची द्वारा उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को ध्यान, प्राणायाम आदि का विस्तृत जानकारी दी गयी।
यह कार्यक्रम पुलिस बलों में व्याप्त कार्य-दबाब एवं तनाव को कम करने तथा मानसिक शांति, आत्म-संतुलन एवं सकारात्मक उर्जा को बढावा देने के उद्येश्य से आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने तनाव प्रबंधन, मानसिक एकाग्रता, भावनात्मक संतुलन तथा बेहतर जीवन शैली के लिए ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं है, बल्कि एक जिम्मेदारी है ऐसी जिम्मेदारी जिसमें हमें हर परिस्थिति में सतर्क, संयमित और दृढ रहना पडता है। लगातार डियुटी, तनावपूर्ण हालात और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां हमारे जीवन का हिस्सा है।

भविष्य में भी इस प्रकार के ध्यान, योग एवं स्वास्थ्य संबर्धन से जुडे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि पुलिसकर्मियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ किया जा सके तथा उनके मनोबल एवं कार्यक्षमता में निरंतर वृद्धि हो। पुलिस अधीक्षक ने राजेन्द्र प्रसाद एवं अनुज कुमार वैद्य, हर्टफुलनेस संस्था को पुलिसकर्मियों के बीच आकर उनके बहुमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शॉल एवं बुके देकर सम्मानित किया।
