Sahebganj News : सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की पहल, 30 मार्च से शुरू होगा HPV टीकाकरण अभियान
उप स्वास्थ्य केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मिलेगा टीका
साहिबगंज में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 30 मार्च से HPV टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा, जिसका उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करना है।
साहिबगंज : महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। आगामी 30 मार्च 2026 से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी, जो लगातार तीन माह तक संचालित होगा।
इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को समय रहते सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि भविष्य में इस जानलेवा बीमारी से बचाव संभव हो सके। यह टीकाकरण विशेष रूप से 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निर्धारित किया गया है।

क्या है सर्वाइकल कैंसर?
सर्वाइकल कैंसर एक प्रकार का कैंसर है जो गर्भाशय के निचले हिस्से, जिसे सर्विक्स कहा जाता है- में होता है। यह कैंसर आमतौर पर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के संक्रमण के कारण होता है जो एक सामान्य यौन संचारित वायरस है। सर्वाइकल कैंसर के मरीजों में असामान्य योनि रक्तस्राव, योनि से असामान्य स्राव, पेल्विक पेन, सेक्स के दौरान दर्द जैसे लक्षण देखने को मिलता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर का इलाज संभव है। खासकर अगर यह जल्दी पकड़ा जाए। इलाज के विकल्पों में सर्जरी, रेडियोथेरेपी और कीमोथेरेपी शामिल हैं। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV वैक्सीन लगवाना और नियमित पेप स्मियर टेस्ट करवाना महत्वपूर्ण होता है।
