Sahebganj News: बिंदुधाम मेले में नो एंट्री फेल, ओवरलोड ट्रकों से श्रद्धालु परेशान
प्रशासन ने लगाया था नो एंट्री, लेकिन नहीं हुआ पालन
बरहरवा स्थित प्रसिद्ध बिंदुधाम मेले में प्रशासन द्वारा नो एंट्री लागू होने के बावजूद ओवरलोड पत्थर ट्रकों का परिचालन जारी रहा, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हजारों लोगों की भीड़ के बीच संकरी सड़कों पर ट्रकों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनी रही।
बरहरवा: प्रसिद्ध बिंदुधाम मंदिर में चल रहे अंतरराज्यीय मेले के तहत शनिवार को “दसवीं मेला” का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से भी हजारों लोग मेले में शामिल होने के लिए पहुंचे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा क्षेत्र में “नो एंट्री” की घोषणा की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो। बावजूद इसके, ओवरलोड पत्थर ट्रकों का परिचालन पूरे दिन बेरोकटोक जारी रहा।
इन भारी वाहनों के कारण मेले में आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। संकरी सड़कों पर ट्रकों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनी रही, जिससे पैदल चल रहे श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ी।

