Sahebganj News: संध्या अर्घ्य के साथ गूंजा ‘छठी मईया’ का जयकारा, रंग-बिरंगी रोशनी से नहाया छठ घाट
चार दिवसीय अनुष्ठान के अंतिम चरण में पहुंचा महापर्व, गुरुवार को होगा समापन
साहिबगंज में चैती छठ महापर्व के तीसरे दिन मंगलवार को साहिबगंज के गंगा घाटों पर आस्था का विराट संगम देखने को मिला। हजारों व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। पारंपरिक छठ गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। स्थानीय प्रशासन और पूजा समितियों के सहयोग से घाटों पर सुरक्षा और सफाई की बेहतरीन व्यवस्था रही। अब गुरुवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय कठिन अनुष्ठान का समापन होगा।
साहिबगंज: प्रखंड मुख्यालय में चैती छठ महापर्व के तीसरे दिन आस्था का विराट दृश्य देखने को मिला। मंगलवार की संध्या प्रखंड मुख्यालय स्थित गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां डूबते भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने श्रद्धा और विश्वास की अद्भुत मिसाल पेश की। भक्ति और उल्लास के साथ व्रती महिलाएं पीले-लाल पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी नजर आईं, सिर पर दउरा और हाथों में सूप लिए पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। “छठी मईया” के जयकारों, लोकगीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हुए व्रतियों ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण की कामना की।
प्रमुख घाटों को आकर्षक लाइटिंग और सजावट से सुसज्जित किया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी में नहाया घाट किसी उत्सव स्थल से कम नहीं लग रहा था। स्थानीय युवाओं और पूजा समितियों ने मिलकर साफ-सफाई और व्यवस्था का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और निगरानी से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद रहे।

Related Posts
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
