Palamu News: शहर में फ्लैग मार्च निकालकर पुलिस प्रशासन ने दिया शांति का संदेश
सौहार्दपूर्ण वातावरण में महापर्व संपन्न कराने के लिए जनता से मांगा सहयोग
छतरपुर अनुमंडल में रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। मंगलवार को प्रशिक्षु आईएएस सह एसडीएम हिमांशु लाल, एसडीपीओ अजय कुमार यादव और सीओ आशिष कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस ने शहर के विभिन्न मार्गों पर फ्लैग मार्च कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपद्रवियों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर ड्रोन कैमरों और विशेष साइबर सेल के जरिए नजर रखी जाएगी। अधिकारियों ने छतरपुर वासियों से शांतिपूर्ण ढंग से और भगवान राम के आदर्शों के अनुरूप पर्व मनाने की अपील की है।
पलामू: छत्तरपुर अनुमंडल इलाके में रामनवमी पर्व को धूमधाम से मनाने की तैयारी की गई है। पर्व को लेकर शहर की सड़कों पर पुलिस ने फ्लैग मार्च किया है। छत्तरपुर प्रशासन के द्वारा छत्तरपुर अनुमंडल इलाके के हर चौक चौराहों पर फ्लैग मार्च के द्वारा लोगों को जागरुक किया गया। छत्तरपुर के प्रशिक्षु आईएएस सह एसडीएम हिमांशु लाल और एसडीपीओ अजय कुमार यादव एवं सीओ सह बीडीओ आशीष कुमार साहू ने मिलकर लोगों को जागरूक किया। सभी ने संयुक्त नेतृत्व करते हुए रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने की लोगों से अपील की है। इसी कड़ी में छत्तरपुर पुलिस के जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च किया।
शहर के विभिन्न मार्गों से फ्लैग मार्च गुजरी। स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास जगाया। रामनवमी पर्व के मौके पर एसडीएम हिमांशु लाल ने कहा कि पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं एवं भगवान राम के आदर्शों को अपनाने पर विचार करें। उन्होंने इस पावन त्योहार के मौके पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करने का बात कही। एसडीपीओ अजय कुमार यादव ने कहा कि रामनवमी पर्व को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये हैं। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने पुलिस जवानों के साथ फ्लैग मार्च में हिस्सा लेकर छत्तरपुर वासियों को शांति का संदेश दिया।

