Koderma News: मेघातरी के पास बोरे में बंद मिला महिला का अर्धनग्न शव, हत्या या साजिश?
जेजे कॉलेज के बाद अब मेघातरी में मिली लाश
मेघातरी स्थित पैरी माइंस के पास जंगल किनारे एक प्लास्टिक के बोरे में बंद अज्ञात महिला का अर्धनग्न और क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने सुबह टहलने के दौरान बोरे से पैर बाहर निकला देख पुलिस को सूचित किया। गौर करने वाली बात यह है कि एक माह पूर्व भी जेजे कॉलेज के पास इसी हालत में एक शव मिला था, जिसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस फिलहाल आसपास के थानों से मिसिंग रिपोर्ट खंगाल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
कोडरमा: मेघातरी स्थित पैरी माइंस के नजदीक सड़क किनारे जंगल से सटे एक महिला का अर्धनग्न शव बरामद किया गया है। महिला की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार मेघातरी के कुछ ग्रामीण सुबह-सुबह जब सड़क किनारे टहल रहे थे, तो उन्हें प्लास्टिक के बोरे में कुछ दिखाई पड़ा। इसके पश्चात जब वे लोग नजदीक गए तो उन्होंने देखा कि वहां प्लास्टिक के बोरे में एक महिला का पैर बोरे से बाहर निकला हुआ हैं। और देखते ही देखते यह वहां आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गईऔ, जिसके बाद घटना की जानकारी कोडरमा पुलिस को दी गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
बता दें कि अभी 1 माह पूर्व ही कोडरमा थाना क्षेत्र के जे जे कॉलेज के ठीक सामने होली फैमिली अस्पताल के बाउंड्री वॉल के अंदर इसी प्रकार से अर्धनग्न अवस्था में एक महिला का क्षत-विक्षत हालत में शव बरामद किया गया था। जिसकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। एक बार फिर इस प्रकार से शव के मिलने से आसपास के इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती हो गई है कि आखिर में कौन लोग हैं जो इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि आस-पास के थानों से मिसिंग रिपोर्ट पता कि जा रही हैं, वहीं उन्होंने कहा कि महिला की हत्या कैसे हुई हैं यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
