विकास के लिए सड़क की भूमिका महत्वपूर्ण: दीपक बिरुवा
मंत्री दीपक बिरुवा ने सड़क योजनाओं का किया शिलान्यास
चाईबासा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सदर व झींकपानी में करीब 16 करोड़ रुपए की लागत से छह सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण. इसका आज मंत्री दीपक बिरुवा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क निर्माण योजना के तहत योजनाओं का शिलान्यास किया.
चाईबासा: चाईबासा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत झींकपानी प्रखंड में करीब 16 करोड़ की लागत से चार सड़कों का शिलान्यास बुधवार को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क निर्माण योजना के तहत कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुवा ने समारोहपूर्वक किया. इसके तहत स्कूल चौक छोटा लगिया से पंडियार पुल लुपुंगुटु तक, नरसंडा बुरूसाई से लुपुंगुटु तक, एनएच 75 बाईहातु से करलाजोड़ी तक, टेकासाई से सिंदरी तक, बेटेया से हाथीमंडा तक एवं विश्वनाथपुर से नयागांव तक जर्जर सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा.
सभी सड़कों का शिलान्यास विधिवत पूजा अर्चना के बाद नारियल फोड़ कर किया गया. सड़क बनने की जानकारी पाकर ग्रामीणों में खुशी देखी गई. ग्रामीणों ने मांदर-नगाड़े की धुन पर नाचते गाते मंत्री का स्वागत किया. मौके पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सड़क जनता के लिए लाइफ लाइन है. विकास के लिए सड़क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. आवागमन की सुविधा के साथ-साथ आर्थिक विकास का भी मार्ग खुलता है. चाईबासा विधानसभा क्षेत्र को विकसित करना मेरी प्राथमिकता है. चुनाव के समय जनता से जो वादा किया गया है, उसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है.



