सरयू राय : टिकट नहीं मिलने पर BJP को उनके लिए प्लान बी बताना होगा या फिर वे अपने प्लान बी पर करेंगे काम?
जमशेदपुर : झारखंड भाजपा के तेज-तर्रार एवं मुद्दों पर मुखर रहने वाले नेता सरयू राय के टिकट पर अबतक सस्पेंस कायम है. भाजपा ने तीन चरण में अधिकतर सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया है, लेकिन सरयू राय की सीटिंग सीट जमशेदपुर पश्चिम से उनकी उम्मीदवारी का एलान अबतक नहीं किया गय है. इससे लगी सीट जमशेदपुर पूर्वी से मुख्यमंत्री रघुबर दास उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं. रघुबर की भी यह सीटिंग सीट है. जमशेदपुर पश्चिम से किसी की उम्मीदवारी का एलान नहीं होने से कार्यकर्ताओं में चुनाव की तैयारी को लेकर भ्रम की स्थिति है.


सरयू राय को तल्ख रिश्तों का अहसास है, तभी उन्होंने कल बयान दिया: न तो मैं बीमार हूं और न उम्र की इस दहलीज पर खड़ा हूं की चुनाव नहीं लड़ूं. सरयू के इस बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि पार्टी ने अगर उन्हें टिकट नहीं दिया तो वे निर्दलीय भी मैदान में उतर सकते हैं. दैनिक जागरण अखबार ने खबर दी है कि सरयू राय को अगर भाजपा ने जमशेदपुर पश्चिम से टिकट नहीं दिया तो वे जमशेदपुर पूर्वी से मुख्यमंत्री रघुबर दास के खिलाफ ही निर्दलीय मैदान में उतरेंगे. अखबार ने लिखा है कि सरयू राय ने इसके लिए कार्यकर्ताओं व समर्थकों से विमर्श भी किया है.
सरयू राय ने कहा है कि पार्टी ने उन्हें पूर्व नेता एमपी सिंह की जगह यहां से उम्मीदवार बनाया था. उन्होंने कहा कि उन्हें टिकट संगठन देगा और संगठन क्या निर्णय लेता है इसका उन्हें इंतजार है. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में लोकसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार को 70 हजार की लीड दिलवाने में योगदान दिया था.
सरयू राय हथियार डालने वाले राजनीतिक खिलाड़ी नहीं हैं, यह जगजाहिर है. अगर जमशेदपुर पश्चिम से पार्टी उनका टिकट काटती है तो पार्टी को उन्हें उसके लिए प्लान बी बताना होगा (जिसमें उन्हें दिल्ली भेजना भी शामिल हो सकता है), नहीं तो वे अपने प्लान बी पर काम करेंगे ही.

Latest News

