Ramnavami 2025: हजारीबाग यूथ विंग के द्वारा भव्य लड्डू महाभोग 6 अप्रैल को, भक्तों में वितरित होंगे 251 किलो लड्डू
लड्डू महाभोग हमारी भक्ति और एकता का प्रतीक जिसे हर वर्ष और भव्य बनाया जा रहा है : चंद्र प्रकाश जैन
101 किलो लड्डू से शुरू हुआ यह आयोजन आज 251 किलो तक पहुँचा है, जो इस बात का प्रमाण है कि लोगों का समर्थन और श्रद्धा लगातार बढ़ रही है। हमारी टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्य कर रही है।
हजारीबाग: यूथ विंग द्वारा इस वर्ष रामनवमी के अवसर पर 6 अप्रैल को लड्डू महाभोग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के अंतर्गत 251 किलो लड्डू तैयार किया जा रहा है जिसमें सवा पाँच किलो का एक विशेष लड्डू प्रभु श्री राम को भोग स्वरूप अर्पित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 9 बजे महावीर स्थान मंदिर के पास आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि के साथ होगी, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण उत्पन्न होगा। इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल एवं विधायक प्रदीप प्रसाद विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालु एवं भक्तगण भाग लेंगे, जो इस पावन अवसर को और अधिक दिव्य एवं भव्य बनाएंगे। यह कार्यक्रम संस्था द्वारा लगातार चौथी बार आयोजित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 101 किलो लड्डू से हुई थी जो अब 251 किलो तक पहुँच गया है। यह आयोजन शुद्धता,श्रद्धा एवं सादगी के साथ संपन्न किया जाता है। संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु पूर्ण समर्पण एवं ऊर्जा के साथ कार्य कर रहे हैं और उनकी अथक मेहनत से यह आयोजन हर वर्ष और अधिक भव्य रूप धारण कर रहा है। संस्था के द्वारा कार्यक्रम को विशेष रूप से सफल बनाने में संस्था के सहसचिव सह कार्यक्रम संयोजक के रूप में अभिषेक कुमार पांडे को नियुक्त किया गया है वही कार्यक्रम सहसंयोजक के रूप में जयप्रकाश खंडेलवाल, संजय कुमार एवं विकास केसरी को नियुक्त किया गया है जिनके द्वारा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करने में अपनी अहम भूमिका निभाई जा रही है।

