Sahebganj News: नम आंखों से भक्तों ने दी माँ दुर्गा को विदाई, गूंजे जयकारे
विसर्जन जुलूस में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
साहिबगंज में चैत्र नवरात्र के समापन पर माँ चैती दुर्गा का विसर्जन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। विभिन्न पूजा समितियों द्वारा निकाले गए विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच भक्त झूमते नजर आए।
साहिबगंज: चैत्र नवरात्र के समापन अवसर पर पूर्वी फाटक स्थित सार्वजनिक चैती दुर्गा मंदिर में माँ चैती दुर्गा, रसूलपुर दहला स्थित चैती दुर्गा सहित अन्य चैती देवी दुर्गा माता की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं के संगम के बीच संपन्न हुआ। विसर्जन के दौरान पूरे इलाके में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और हर ओर भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों और नृत्य के साथ श्रद्धालु झूमते नजर आए। जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था, वहीं माँ को विदाई देते समय कई भक्तों की आंखें नम हो गईं।

