रांची एयरपोर्ट फायरिंग केस में प्रिंस खान गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार
भागाबांध मुठभेड़ में तीन अपराधी हुए थे घायल
रांची एयरपोर्ट रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में प्रिंस खान गैंग के दो घायल गुर्गों को धनबाद से गिरफ्तार कर पुलिस रांची लाई है। दोनों आरोपी मुठभेड़ में घायल हुए थे और इलाज के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा में पूछताछ के लिए लाया गया है।
बोकारो : झारखंड की राजधानी रांची के एयरपोर्ट स्थित रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी मामले के आरोपी प्रिंस खान के गुर्गे को एयरपोर्ट थाना पुलिस धनबाद से रांची ले गई है। धनबाद पुलिस के साथ धनबाद के भागाबांध में हुई मुठभेड़ में प्रिंस खान के तीन गुर्गे घायल हो गए थे। इन गुर्गों में से दो रेस्टोरेंट गोलाबारी कांड में शामिल बताए जा रहे हैं।

तीसरा आरोपी विक्की डोम भी इस मुठभेड़ में घायल हुआ था। मुठभेड़ में घायल होने के बाद सभी आरोपियों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया था। रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रांची एयरपोर्ट थाना की पुलिस धनबाद पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को अपने साथ रांची ले गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस मामले में घायल तीसरे आरोपी विक्की डोम को पहले ही धनबाद पुलिस द्वारा न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे हो सकते हैं।पुलिस के मुताबिक, इन अपराधियों पर रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में फायरिंग करने और गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में इन आरोपियों को पकड़ लिया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।झारखंड पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है।
इस मामले में भी पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुठभेड़ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया और अब उन्हें रांची लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा। बताते चले कि बिगत दोनों प्रिंस खान के गिरोह द्वारा बोकारो के एक व्यवसाई से रंगदारी की मांग की गई थी नहीं देने पर बुरा परिणाम भुगतने का पर्ची छोड़ा गया था। बोकारो पुलिस काफी गंभीरता से मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
