Lohardaga News : प्रशिक्षण से सशक्त होंगी आंगनबाड़ी सेविकाएं, बच्चों को मिलेगा बेहतर आधार
बच्चों के संज्ञानात्मक विकास पर दिया गया विशेष जोर
भंडरा में दो दिवसीय आंगनबाड़ी सेविका प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हुआ, जिसमें सेविकाओं को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और बच्चों के विकास से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी दी गई।
लोहरदगा : प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में प्रजायत्न संस्था और जिला समाज कल्याण विभाग लोहरदगा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय आंगनबाड़ी सेविका प्रशिक्षण कार्यशाला का बुधवार को समापन हो गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यक्षमता में वृद्धि करना और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सेविकाओं को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराना था।

साथ ही सेविकाओं को निर्देशित किया गया कि वे आंगनबाड़ी केंद्रों में रुचिपूर्ण और गतिविधि आधारित कक्षाएं संचालित करें, ताकि बच्चे खेल-खेल में शिक्षा ग्रहण कर सकें। इसके लिए प्रत्येक सेविका को विधिवत कक्षा योजना बनाकर उसे धरातल पर लागू करना होगा। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल संचालन पूनम टोप्पो, तुलसी कुमारी, प्रिया गुप्ता, लक्ष्मी कुमारी, अनामिका कुमारी व अनिल त्रिपाठी की देखरेख में किया गया। कार्यशाला के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से न केवल सेविकाओं के कौशल में सुधार होगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर एक मजबूत शैक्षिक आधार भी मिल सकेगा।
