सरिया थाना में ईद-रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन अलर्ट
अखाड़ा समिति और शांति दूतों ने रखी अपनी समस्याएं
सरिया थाना में ईद और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने पर जोर दिया।
गिरिडीह : सरिया ईद एवं रामनवमी पर्व को शांति तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर बुधवार को सरिया थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण ने की।

रामनवमी के दौरान बाजार में होने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन से सड़कों के किनारे खड़े चारपहिया वाहनों को हटाने की मांग की गई, ताकि जाम की समस्या न हो। वहीं, रेलवे फाटक के पास ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की भी मांग की गई।
खेसारी बाजार में स्थित सरकारी शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग भी उठी। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था करने की बात कही गई। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुनकर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
अंचलाधिकारी संतोष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि त्योहार के दौरान शरारती तत्वों पर नजर रखी जाएगी। अश्लील गानों और भड़काऊ नारों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाएं।
नगर पंचायत अध्यक्ष शोभा देवी एवं उपाध्यक्ष सुशील मंडल ने भी लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। मौके पर अंचल पुलिस निरीक्षक अजय कुमार सिंह, थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
