Dhanbad News: मिडिल ईस्ट युद्ध का साया हटा: फर्टिलाइजर प्लांट में फिर शुरू हुआ पूर्ण उत्पादन
30% कटौती खत्म, बुधवार से जरूरत के अनुरूप गैस मिलने लगी; संयंत्र फिर पूरी क्षमता पर संचालित
केंद्र सरकार ने सिंदरी स्थित हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) को बड़ी राहत देते हुए गैस आपूर्ति में की गई कटौती को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण गैस आपूर्ति में 30 प्रतिशत की कमी आई थी, जिससे यूरिया उत्पादन प्रभावित हो रहा था। हर्ल के बिजनेस यूनिट हेड गौतम माजी ने पुष्टि की है कि अब संयंत्र अपनी पूर्ण क्षमता के साथ काम कर रहा है, जिससे क्षेत्र के किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
सिंदरी: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के असर के बावजूद केंद्र सरकार ने सिंदरी स्थित हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल) को बड़ी राहत देते हुए गैस आपूर्ति में की गई कटौती समाप्त कर दी है। बुधवार से संयंत्र को उसकी आवश्यकता के अनुरूप गैस मिलने लगी है, जिससे ठप पड़ती उत्पादन प्रक्रिया अब फिर से पूरी रफ्तार में आ गई है। हर्ल के बिजनेस यूनिट हेड गौतम माजी ने जानकारी देते हुए बताया कि युद्ध के शुरुआती दौर में गैस आपूर्ति में लगभग 30 प्रतिशत की कटौती कर दी गई थी। इसका सीधा असर यूरिया उत्पादन पर पड़ा और संयंत्र को सीमित क्षमता पर संचालन करना पड़ा। हालांकि अब आपूर्ति सामान्य होने के बाद उत्पादन को फिर से पूर्ण क्षमता तक बढ़ा दिया गया है। गैस की पर्याप्त उपलब्धता से प्रबंधन ने राहत की सांस ली है और अब प्राथमिकता अधिकतम उत्पादन सुनिश्चित करने पर है। आने वाले दिनों में उत्पादन लक्ष्य को तेजी से पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

