साहिबगंज महाविद्यालय की सुरक्षा पर उठा सवाल, विधायक ने की चारदिवारी निर्माण की मांग
2021में चक्रवाती "यास तूफान" ने मचाई थी भयानक तबाही
साहिबगंज महाविद्यालय की टूटी चारदीवारी को लेकर विधायक एमटी राजा ने विधानसभा में सवाल उठाया। सरकार ने डीपीआर तैयार कर जल्द निर्माण कराने का आश्वासन दिया है।
साहिबगंज : राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान साहिबगंज महाविद्यालय की सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने तारांकित प्रश्न के माध्यम से सदन का ध्यान महाविद्यालय परिसर की वर्तमान सुरक्षा स्थिति की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि बीते वर्ष 2021 में "यास तूफान" के दौरान महाविद्यालय की चारदिवारी (बाउंड्री वॉल) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।

उन्होंने सरकार से मांग की कि महाविद्यालय की गरिमा और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द चारदिवारी का निर्माण कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि साहिबगंज महाविद्यालय जिले के लिए गौरव का केंद्र है और यह क्षेत्र में उच्च शिक्षा का एक प्रमुख संस्थान है। यहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन करते हैं। ऐसे में एक सुरक्षित और व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
विधायक एमटी राजा के प्रश्न के उत्तर में झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने सदन में जानकारी दी कि साहिबगंज महाविद्यालय में चारदिवारी निर्माण के लिए झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, रांची के माध्यम से स्थल का भौतिक निरीक्षण कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने बताया कि डीपीआर तैयार होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त कर चारदिवारी निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि महाविद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विधायक एमटी राजा ने उम्मीद जताई कि सरकार इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाएगी। इससे न केवल महाविद्यालय परिसर सुरक्षित होगा, बल्कि छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भी एक बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक माहौल प्राप्त होगा।
2021में चक्रवाती "यास तूफान" ने मचाई थी भयानक तबाही
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 2021 में चक्रवाती "यास तूफान" के कारण साहिबगंज महाविद्यालय का चारदिवारी गिर गया था, जिस कारण वहां पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को दिक्कत हो रही थी एवं और असामाजिक तत्वों का भी महाविद्यालय परिसर में आवागमन सामान्य हो गया था। इसी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए विधायक राजा ने झारखंड विधानसभा में सदन के सामने तारांकित प्रश्न के माध्यम से चारदिवारी निर्माण हेतु अपनी बातों को रखा था, जिसे मंत्री द्वारा स्वीकार करते हुए अभिलंब चारदीवारी निर्माण हेतु भवन निर्माण विभाग को पत्र प्रेषित किया गया है।
