Dumka News: बीडीओ ने किया कनीय अभियंता और सभी पंचायत सचिव के साथ समीक्षा बैठक
गर्मी पूर्व खराब चापाकल और जलमीनार दुरुस्त करने के निर्देश
दुमका के रानीश्वर प्रखंड में बीडीओ राजेश कुमार सिन्हा ने पंचायत सचिवों और कनीय अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने 15वीं वित्त आयोग के तहत लंबित योजनाओं को 15 दिनों में पूर्ण करने और रॉयल्टी राशि जमा करने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही, आगामी गर्मी को देखते हुए सभी खराब चापाकल और जलमीनार की तत्काल मरम्मत कराने का आदेश दिया गया है।
रानीश्वर: उपायुक्त के निदेशानुसार गुरुवार को प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, राजेश कुमार सिन्हा के द्वारा प्रखण्ड कार्यालय कक्ष में सभी कनीय अभियंता और सभी पंचायत सचिव के साथ समीक्षा बैठक किया गया। सर्वप्रथम 15वीं वित्त आयोग अन्तर्गत अनाबद्ध मद में ग्राम पंचायत को प्राप्त राशि के अनुसार योजनाओं का चयन का नियमानुसार भुगतान करने का निदेश दिया गया।

15वीं वित्त आयोग अन्तर्गत आठ पंचायतों के द्वारा रॉयल्टी की राशि जमा नहीं किया गया है, संबंधित सभी पंचायतों को रॉयल्टी राशि जमा करने का निदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त आगामी गर्मी को देखते हुए ग्राम पंचायत अन्तर्गत सभी खराब चापाकल एवं जलमीनार को मरम्मति कराने हेतु 15वीं वित्त आयोग अन्तर्गत अनाबद्ध मद से व्यय करने का निदेश दिया गया।उक्त समीक्षा बैठक में सभी कनीय अभियंता एवं पंचायत सचिव उपस्थित थे ।
