महिलाओं का स्वावलंबन ही सशक्त समाज की आधारशिला: पूनम शर्मा
शाखा अध्यक्ष और संयोजकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ समारोह
झरिया मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा के 'नारी स्वावलंबन अभियान' के तहत आयोजित पांच दिवसीय सेनेटरी पैड निर्माण प्रशिक्षण का गुरुवार को सफल समापन हुआ। इस कार्यक्रम में 11 महिलाओं और बालिकाओं को सेनेटरी पैड बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। खास बात यह है कि प्रशिक्षण के तुरंत बाद इन सभी को झरिया स्थित साईं एंटरप्राइजेज में रोजगार का अवसर भी प्रदान किया गया है। शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा और संयोजक पूनम शर्मा ने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।
झरिया: मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा द्वारा चलाए जा रहे नारी स्वावलंबन अभियान के तहत पांच दिवसीय सेनेटरी पैड निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन गुरुवार को किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया था। प्रशिक्षण में कुल 11 महिलाओं एवं बालिकाओं को सेनेटरी पैड निर्माण की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक पूनम शर्मा, पूर्व अध्यक्ष विवेक लिल्हा, अतिथि आबदा परवीन, प्रशिक्षक नीतू देवी, यश अग्रवाल तथा चैतन्य अग्रवाल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

