Dhanbad News: गाने पर डांस को लेकर दो पक्षों में मारपीट, कई घायल
लिखित शिकायत मिलने के बाद दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
बाघमारा मधुबन थाना क्षेत्र के गणेशपुर में होली के दिन साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर बॉसजोड़ा और आशाकोठी के युवकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि तलवार, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल उमेश रवानी का इलाज दामोदरम अस्पताल में चल रहा है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। विधायक शत्रुघ्न महतो ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना, वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाघमारा: मधुबन थाना क्षेत्र के गणेशपुर पावर सब स्टेशन के समीप होली के दिन साउंड बॉक्स पर गाने की धुन पर डांस करने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। मारपीट में बॉसजोड़ा के उमेश रवानी और सुरेश रवानी के सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने महुदा मोड़–नावागढ़ मुख्य सड़क को जाम कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया। घायल उमेश रवानी के सिर में छह टांके लगे हैं और उनका इलाज भुरूगिया स्थित दामोदरम अस्पताल में चल रहा है, जबकि सुरेश रवानी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल जब्त की है। इधर घायल से मिलने के लिए बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो अस्पताल परिसर पहुंचे और हाल-चाल जाना। थाना प्रभारी शुभम कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
