Hazaribagh News: रक्तदान से किसी को जीवनदान मिलता है, हेलमेट देकर हम रक्तदाताओं को सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करना चाहते हैं: करण जायसवाल
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल
हजारीबाग यूथ विंग की विशेष बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संस्था द्वारा 13 अप्रैल को लक्ष्मी सिनेमा हॉल परिसर में एक भव्य रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, जहाँ रक्तदाताओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए हेलमेट उपहार में दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, रामनवमी के शुभ अवसर पर 26 मार्च को महावीर स्थान मंदिर के समीप 151 किलो लड्डू महाभोग का वितरण किया जाएगा। संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन और अध्यक्ष करण जायसवाल के नेतृत्व में इन आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा और सुरक्षा का संदेश प्रसारित करने का लक्ष्य रखा गया है।
हजारीबाग: सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय हजारीबाग यूथ विंग की एक विशेष बैठक संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन के निवास स्थान पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया ने की, जबकि संचालन सचिव रितेश खंडेलवाल के द्वारा किया गया। बैठक में संस्था के आगामी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में संस्था के प्रमुख कार्यक्रम एकदिवसीय रक्तदान शिविर को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि आगामी 13 अप्रैल को लक्ष्मी सिनेमा हॉल परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

संस्था को उम्मीद है कि इस सकारात्मक संदेश से अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे और समाज में सुरक्षा एवं सेवा दोनों का संदेश जाएगा। गौरतलब है कि संस्था द्वारा पूर्व में आयोजित रक्तदान शिविरों को भी लोगों का व्यापक सहयोग मिला है। वर्ष 2025 में आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 221 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया था, जबकि वर्ष 2024 में 130 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। लगातार बढ़ते रक्तदान के आंकड़ों को देखते हुए इस वर्ष के आयोजन को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने की योजना बनाई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। रक्तदान शिविर में संग्रहित रक्त को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज ऑफ अस्पताल के ब्लड बैंक को उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी हजारीबाग का भी विशेष सहयोग प्राप्त होगा। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सह-संयोजक के रूप में गुंजन मद्धेशिया, प्रवेक जैन, जयप्रकाश खंडेलवाल एवं कुश पांडे को जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संस्था द्वारा लगातार पांचवें वर्ष आयोजित किया जाने वाला लड्डू महाभोग वितरण कार्यक्रम इस वर्ष भी भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। रामनवमी के पावन अवसर पर 26 मार्च को महावीर स्थान मंदिर के समीप 151 किलो लड्डू राम भक्तों के बीच वितरित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी के रूप में प्रणीत जैन एवं रितेश खंडेलवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संस्था के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और जागरूकता की भावना को बढ़ावा देना है।
रक्तदान शिविर के माध्यम से जहां जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलेगा, वहीं हेलमेट भेंट कर सड़क सुरक्षा का संदेश भी समाज तक पहुंचाया जाएगा। वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि संस्था निरंतर सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास कर रही है। इस वर्ष भी रक्तदान शिविर और रामनवमी के अवसर पर आयोजित लड्डू महाभोग कार्यक्रम को भव्य रूप से संपन्न किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इन आयोजनों से जुड़ें और समाज में सेवा एवं जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हो सके।
बैठक में संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, अध्यक्ष करण जायसवाल, सचिव रितेश खण्डेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, संस्था मार्दर्शक जय प्रकाश खण्डेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित बजाज, सत्यनारायण सिंह,प्रवेक जैन,प्रणीत जैन एवं कैलाश कुमार सहित कई लोग मौजूद रहें।
