Koderma News : कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय राम कथा का शुभारंभ, राममय हुआ शहर
राम, लक्ष्मण और सीता की आकर्षक झांकी बनी विशेष आकर्षण
कोडरमा में जय सियाराम सत्संग समिति के तत्वावधान में सात दिवसीय राम कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। 108 महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा में भाग लिया और पूरा शहर राममय हो गया।
कोडरमा : जय सियाराम सत्संग समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय राम कथा का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर से हुई, जहां पंडित विकास पांडेय द्वारा कलश एवं रामायण ग्रंथ का विधिवत पूजन कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं की विशाल कलश यात्रा शहर में भ्रमण के लिए निकाली गई।

पूरे कार्यक्रम का संचालन कथा वाचक पंडित रामकरण सहल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था की दृष्टि से तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार अपने दलबल के साथ शोभा यात्रा और पंडाल क्षेत्र का लगातार निरीक्षण करते रहे। साथ ही एनसीसी के विद्यार्थियों ने भी व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने में सराहनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर मुख्य जजमान के रूप में अरुण मोदी और आशा बर्णवाल ने भाग लिया। शोभा यात्रा में मोहन आधारशिला स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत राम, लक्ष्मण और सीता की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं हनुमान जी की वेशभूषा में भोलाराम की प्रस्तुति ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कलश यात्रा में 108 महिलाओं ने सिर पर कलश उठाकर भाग लिया, जबकि अन्य पुरुष एवं महिलाएं हाथों में भगवान राम और हनुमान जी के ध्वज लेकर शामिल हुए। शोभा यात्रा के दौरान श्रद्धालु रामायण ग्रंथ को बारी-बारी से अपने माथे पर धारण कर पूरे मार्ग में भ्रमण करते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह राममय हो गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनूप जोशी, प्रदीप कुमार ओम प्रकाश खेतान, मनोज केडिया, राजेंद्र सिंह, मनोज जोशी, पूर्व जिला न्यायाधीश अर्जुन मोदी, संजय बर्णवाल, भुनंदन मोदी, राजेंद्र बर्णवाल, वीरेंद्र मोदी, उमेश मोदी, अमित यादव सहित जय सियाराम सत्संग समिति के सभी सदस्यों और अनेक महिलाओं का सराहनीय योगदान रहा। बड़ी संख्या में शहर के श्रद्धालु इस भव्य आयोजन में शामिल हुए।
