अबू धाबी में झारखंड का मजदूर गंभीर घायल, परिजनों ने लगाई मदद की गुहार
गिरिडीह के राकेश महतो अबू धाबी में हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती
गिरिडीह जिले के राकेश महतो अबू धाबी में काम करने के दौरान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनका इलाज वहां के अस्पताल में चल रहा है, लेकिन परिवार को सही जानकारी नहीं मिलने से चिंता बढ़ गई है।
गिरिडीह: रोजगार के लिए गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबाडीह गांव निवासी तिलक महतो के 26 वर्षीय पुत्र राकेश महतो अगस्त 2025 में KEC कंपनी में काम करने के लिए अबू धाबी गए थे।

परिजनों का आरोप है कि KEC कंपनी की ओर से सही जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है। परिवार के लोग लगातार चिंता में हैं।
राकेश महतो की पत्नी रीना देवी अपनी सात माह की बेटी रिया कुमारी के भविष्य को लेकर परेशान हैं। वहीं, उनकी मां केसिया देवी का कहना है कि यदि उनके बेटे को कुछ हो गया, तो बहू और बच्ची का भविष्य संकट में पड़ जाएगा। बूढ़े माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
अभिभावक एकता मंच के अध्यक्ष रामेश्वर महतो के माध्यम से सूचना मिलने पर प्रवासी हित में काम करने वाले सिकंदर अली उनके घर पहुंचे और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का मुख्य मुद्दा पलायन और प्रवासी मजदूरों की समस्याएं हैं, जो लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कब तक झारखंड के युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों और देशों में जाते रहेंगे।
उन्होंने सरकार से राज्य में ही रोजगार की ठोस व्यवस्था करने की मांग की, ताकि मजदूरों को पलायन के लिए मजबूर न होना पड़े।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
