Palamu News: मार्बल कारोबारी से रंगदारी मांगने वाले गिरोह का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। SIT की कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी चोरी के मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छुपाते थे।
पलामू : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में एक मार्बल व्यवसायी से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना कांड संख्या-63/26, दिनांक 19.03.2026 को धारा-308(3)/308(4)/351(3) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

धमकी में चोरी के मोबाइल और सिम का करते थे इस्तेमाल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी के मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर व्यवसायी को धमकी देते थे, ताकि अपनी पहचान छुपा सकें। सह-अभियुक्त अमन कुमार चौरसिया और शुभम केशरी नशे में रहने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल चोरी करते थे और इन्हें मुख्य आरोपी को उपलब्ध कराते थे।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर रंगदारी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा अन्य चोरी के मोबाइल बरामद किए गए हैं। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी प्रिंस कुमार उर्फ प्रिंस कुमार मेहता, निवासी लोहरपुरा, थाना हैदरनगर, अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पहले से भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस की एसआईटी टीम और पलामू की तकनीकी शाखा की अहम भूमिका रही।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
