विष्णुगढ़ की मासूम बेटी को न्याय दिलाने हेतु 30 को हजारीबाग बंद, मनीष जायसवाल और भाजपा ने की सफल बनाने की अपील
सोई हुई सरकार को जगाने के लिए भाजपा ने अपनाया कड़ा रुख
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय मासूम बालिका के साथ हुई दरिंदगी और निर्मम हत्या के विरोध में भाजपा ने 30 मार्च (सोमवार) को हजारीबाग जिला बंद का आह्वान किया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की घोषणा के बाद सांसद मनीष जायसवाल और जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने आम जनता व व्यवसायियों से इस बंदी को सफल बनाने की अपील की है। भाजपा का कहना है कि यह बंदी मासूम को न्याय दिलाने और प्रशासन की कुंभकर्णी नींद को तोड़ने के लिए एक सामूहिक विरोध है।
विष्णुगढ़: थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय अबोध बालिका के साथ हुई दरिंदगी और फिर उसकी निर्मम हत्या की हृदयविदारक घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया है। इस वीभत्स और अमानवीय कृत्य के विरोध में तथा दोषियों पर अविलंब कठोरतम कार्रवाई की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू की घोषणा के अनुरूप सोमवार यानी 30 मार्च को हजारीबाग जिला पूर्णतः बंद रहेगा ।

हजारीबाग के भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने भी इस बंदी के समर्थन में जनता से आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महज बंदी का आह्वान नहीं, बल्कि उस अबोध बालिका को न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हजारीबाग की सामूहिक आवाज है। भाजपा ने विश्वास जताया है कि हजारीबाग की जनता अपनी संवेदना प्रकट करते हुए इस बंदी को पूर्णतः सफल बनाएगी ताकि सोई हुई सरकार और प्रशासन पर दबाव बनाया जा सके।
