Hazaribagh News: ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
बिजली, पेयजल और एम्बुलेंस के लिए वैकल्पिक मार्ग की मांग
हजारीबाग के पैराडाइज रिजॉर्ट में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और एसपी अंजनी अंजन की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर प्रशासन ने नशामुक्त वातावरण और डीजे मुक्त उत्सव मनाने का निर्देश दिया है। सुरक्षा के लिए ड्रोन, सीसीटीवी और तीन जिलों में कंट्रोल रूम के माध्यम से रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रशासन ने हजारीबाग की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखते हुए सभी से आपसी सौहार्द और शांति की अपील की है।
हजारीबाग: ईद,सरहुल एवं रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 16 मार्च को स्थानीय पैराडाइज रिजॉर्ट, हजारीबाग में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने की। बैठक में महापौर अरविंद राणा, उप महापौर अविनाश यादव, उप विकास आयुक्त रिया सिंह, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष, शांति समिति एवं सद्भावना समिति के अध्यक्ष तथा सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के दौरान आगामी त्योहारों के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संपादन के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर पूजा अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों द्वारा भी प्रशासन का ध्यान आवश्यक व्यवस्थाओं की ओर आकृष्ट कराया गया। उन्होंने शोभा यात्रा के दौरान नशामुक्त अभियान चलाने, जुलूस मार्गों पर बिजली की समुचित व्यवस्था, एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था, एम्बुलेंस के लिए वैकल्पिक मार्ग, पेड़ों की छंटाई तथा महिला पुलिस बल की तैनाती जैसे विषयों पर अपने सुझाव रखे।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर तीन नियंत्रण कक्ष हजारीबाग, बड़कागांव एवं बरही में संचालित किए जाएंगे, जहां से विधि-व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जाएगी। साथ ही उन्होंने आम लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए सभी से मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व-त्योहार मनाने की अपील की।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
