झारखंड का स्वास्थ्य महकमा खुद आईसीयू में, इसे इलाज की जरूरत: भाजपा प्रवक्ता
केंद्रीय मंत्रालय के पत्र से खुली विभाग की पोल
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह बदहाल बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है और विभाग को आईसीयू में बताया है। उन्होंने सरायकेला में मोबाइल की रोशनी में प्रसव के दौरान हुई मौत और रांची सदर अस्पताल में दवाओं की कालाबाजारी का मुद्दा उठाते हुए सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह बदहाल बताते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड का स्वास्थ्य महकमा खुद अस्वस्थ और आईसीयू में जा चुका है। इस विभाग को पहले खुद इलाज की जरूरत है।
सिंह ने कहा कि झारखंड में ध्वस्त स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर हाल ही में केंद्रीय मंत्रालय द्वारा यहां के स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर विभाग की नाकामियों के संबंध में आईना दिखाया गया है। झारखंड के अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली जांच सुविधाएं तय मानक से काफी पीछे है।
सरकारी अस्पतालों में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाएं, दवा घोटाले, डॉक्टरों की कमी और इलाज के अभाव में हो रही मौतें सरकार की विफलता को उजागर करती हैं। सरायकेला-खरसावां के राजनगर में मोबाइल की रोशनी में प्रसव के दौरान मां और नवजात शिशु की मौत की घटना को अत्यंत दुखद और शर्मनाक बताया। यह घटना राज्य की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है। यहां ग्रामीण अस्पतालों में न पर्याप्त बिजली व्यवस्था है, न डॉक्टर और न ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इलाज के अभाव में परेशान है, जबकि सरकार केवल बयानबाजी में व्यस्त दिखाई दे रही है। राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है, लेकिन सरकार संवेदनशीलता दिखाने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों से बच रही है। उन्होंने कहा कि यदि स्वास्थ्य व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो जनता के हित में पार्टी राज्यभर में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
