गिरिडीह में फूड सेफ्टी व्हीकल रवाना, अब ठेला-खोमचा के खाने की होगी जांच
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जांच करेगी फूड सेफ्टी टीम
गिरिडीह जिला प्रशासन ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर फूड सेफ्टी अभियान शुरू किया है। उपायुक्त रामनिवास यादव ने समाहरणालय परिसर से फूड सेफ्टी व्हीकल को रवाना किया। इस अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठेला, खोमचा और सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाएगी।
गिरिडीह: जनस्वास्थ्य की सुरक्षा एवं लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को फूड सेफ्टी व्हीकल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित रूप से अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की जांच करें तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फूड सेफ्टी व्हीकल आधुनिक जांच उपकरणों से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से मौके पर ही कई खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच की जा सकेगी। इससे मिलावटी खाद्य सामग्री की पहचान करने में तेजी आएगी और आमजनों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में खुले एवं दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से फूड पॉइजनिंग एवं अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यह अभियान लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी खाद्य विक्रेताओं से स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आवश्यक लाइसेंस एवं पंजीकरण कराने की अपील की है। साथ ही आमजनों से भी अपील की गई कि वे स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही सेवन करें तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना प्रशासन को दें।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
