Giridih News: सरकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक में BDO तिवारी सख्त, आवास और मनरेगा पर लगाई फटकार
पंचायत सेवकों और कनीय अभियंताओं को BDO ने लगाई फटकार
सरिया प्रखंड सभागार में मंगलवार को विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी ने की। इस दौरान अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा और 15वीं वित्त आयोग की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा हुई।
गिरिडीह: सरिया प्रखंड सभागार में मंगलवार को विकास योजनाओं की रफ्तार परखने के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ललित नारायण तिवारी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं—अबुआ आवास/प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, 15वीं वित्त आयोग और ग्रामीण विकास विभाग की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की बिंदुवार और गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान BDO ललित नारायण तिवारी पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में नजर आए। उन्होंने अबुआ आवास योजना की धीमी प्रगति पर पंचायत सेवकों (PS) और कनीय अभियंताओं (JE) को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “गरीबों के आवास निर्माण में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कर्मचारी या अधिकारी सुस्ती दिखाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी।”

इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO), प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO), ब्लॉक कोऑर्डिनेटर (BC), सहायक अभियंता (AE), कनीय अभियंता (JE), पंचायत सेवक (PS) और कई पंचायत समिति सदस्य मौजूद थे, जिन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को सदन के पटल पर रखा।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
