Sahebganj News: NH-133A का जर्जर पुल बना मौत का रास्ता, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
पोखरू टोला के पास पुल का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा टूटकर धंसा
साहिबगंज जिले के पतना प्रखंड स्थित NH-133A पर पोखरू टोला के पास बना पुल जर्जर होकर हादसे को दावत दे रहा है। पुल का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा धंस चुका है और सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात में पुल से चरमराने की आवाज आती है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
साहिबगंज: फाइलों में विकास की रफ्तार तेज है, लेकिन जमीन पर NH-133A का एक पुल मौत की उल्टी गिनती गिन रहा है। पतना प्रखंड के बरहरवा-हिरणपुर मुख्य सड़क पर ग्राम पोखरू टोला के पास, शिवा पहाड़ से लगभग दो किलोमीटर हिरणपुर की तरफ बना यह पुल अब चलने लायक नहीं बचा है। पुल का करीब बीस प्रतिशत हिस्सा टूटकर धंस चुका है। सड़क पर इतनी चौड़ी दरारें पड़ गई हैं कि बाइक का पहिया फंस जाए। पिलरों से लगातार गिट्टी और सीमेंट झड़ रहा है।
गांव के बुजुर्ग करमू टुडू बताते हैं कि रात में पुल से चर-चर की आवाज आती है और डर लगता है कि यह सुबह तक टिकेगा भी या नहीं। ग्रामीणों को आशंका है कि अगली भारी गाड़ी गुजरते ही या एक तेज बारिश में पुल भरभराकर गिर जाएगा। यह पुल बरहरवा को हिरणपुर से जोड़ने वाली इकलौती लाइफलाइन है। स्कूल, अस्पताल, बाजार और ब्लॉक ऑफिस जाने का रास्ता यही है। अगर पुल गिरा तो दस से ज्यादा गांवों का संपर्क पूरी तरह कट जाएगा और हजारों लोग फंस जाएंगे। अंधेरे में दरारें दिखती नहीं हैं, ऐसे में कोई बाइक सवार या मरीज लेकर जाती एंबुलेंस एक चूक में सीधे खाई में जा सकती है। स्थानीय लोगों ने इस सड़क को तुरंत बैरिकेडिंग करने की मांग जिला प्रशासन से की है, ताकि यात्रियों की जान बच सके।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
