भाजपा सरकार बनने पर हर गरीब का होगा पक्का मकान, मिलेगा सोलर पैनल और गैस कनेक्शनः शिवराज सिंह चौहान
लातेहार परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए शिवराज सिंह चौहान
शिवराज बोले, मनरेगा का पैसा दलालों की जेब में, जांच करवाकर देंगे सजा. उन्होंने कहा, छोटे बांध बनाकर किसानों को सिंचाई की सुविधा देंगे. भाजपा का वादा, लाडली लक्ष्मी योजना से बेटियों को सशक्त बनाएंगे.
लातेहार: लातेहार के महुआडांड़ में आयोजित परिवर्तन यात्रा में शुक्रवार को शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कहा कि आज परिवर्तन यात्रा आपके बीच आई है, इसकी जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि कांग्रेस और झामुमो की सरकार ने झारखंड को बर्बाद कर दिया है. आपको बिजली नहीं मिल रही, पीने का पानी नहीं मिल रहा, बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं होता.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जलजीवन मिशन के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री को हजारों करोड़ रुपये दिए, जिससे गाँव-गाँव में नल से पीने का पानी मिल सके, लेकिन हेमंत सोरेन ये पूरा पैसा खा गए. मनरेगा का पैसा मोदी जी भेजते हैं, जिससे गरीब को गाँव में ही रोजगार मिले, लेकिन ये मनरेगा का पैसा हेमंत सोरेन के दलालों के जेब में चला गया. शिवराज सिंह ने कहा कि मैं मनरेगा का भी मंत्री हूँ, मैं इसकी जांच करवाने के लिए टीम भेजूँगा और दलालों को सबक सिखाऊँगा. हर तहसील और जिले में काम करवाने के लिए पैसे लगते हैं. हेमंत सोरेन की सरकार में सभी विकास कार्यों के लिए रेट फिक्स किए गए है.


हेमंत सोरेन के वादाखिलाफी पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हेमंत सोरेन ने हर महीने 2,000 रुपये चूल्हा खर्च देने की बात कही थी. 4 साल 10 महीने तक तो कुछ नहीं किया, अब चुनाव आने पर एक हजार रुपये डाल दिए. 5 साल में एक बहन को 1.20 लाख रुपये देना था, लेकिन अभी केवल 2,000 रुपये मिले हैं. बताओ 1.18 लाख का हिसाब कौन देगा? चुनाव पास है तो झारखंड में भर्ती निकाली गई. कांस्टेबल भर्ती में 15 बच्चों की मृत्यु हो गई. माँ अपने बेटे का सिपाही की वर्दी पहनने का इंतजार कर रही थी, लेकिन वो हेमंत सोरेन के कारण कफन ओढ़कर लौटे. इसके लिए नौजवान हेमंत सोरेन को माफ नहीं करेगा. रोज पेपर लीक हो रहे हैं, हेमंत सोरेन के दलाल बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं.


