पेयजलापूर्ति योजनाओं को समय सीमा के अंदर करें पूर्ण: मिथिलेश ठाकुर
तय समय पर काम नहीं करने वाले संवेदकों को डिबार करने का निर्देश
पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने गढ़वा समाहरणालय में जल जीवन मिशन अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही पेयजलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की.
गढ़वा: पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने अधिकारियों को निदेश दिया कि राज्य के सभी ग्रामीण परिवारों को क्रियाशील घरेलू नल जल के माध्यम से निरंतर गुणवत्ता पूर्ण जलापूर्ति हेतु पेयजलापूर्ति योजनाओं के कार्य तय सीमा में पूर्ण करें. सभी अभियंता कार्यों की प्रगति का अनुश्रवण निरंतर करें एवं क्षेत्र भ्रमण कर गुणवत्ता के पैमानों के अनुसार कार्य सुनिश्चित करें एवं प्रगति प्रतिवेदन से विभाग को अवगत करना सुनिश्चित करें. उन्होंने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि जिन संवेदकों को दिया गया कार्य समय पर पूरा नहीं हो पाया है वे तय समय पर कार्य पूरा करें.
उन्होंने उन संवेदकों को कार्य पूर्ण करने हेतु अंतिम मौका देते हुए चेतावनी दी कि उक्त अवधि में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में डिबार कर दिया जाएगा. सभी संवेदक जवाबदेही के साथ योजनाओं के कार्यों को ससमय पूर्ण करना सुनिश्चित करें. वे गुरुवार को गढ़वा जिला का समाहरणालय में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा राज्य स्तरीय मैराथन समीक्षात्मक बैठक के दौरान जल जीवन मिशन अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही पेयजलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे .

मेदिनीनगर अंचल अंतर्गत सभी पेयजलापूर्ति योजनाओं की कि गई समीक्षा
योजनाओं की प्रगति की दी गई जानकारी

समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव मस्त राम मीणा, राजीव रंजन कुमार, विशेष सचिव, विजय कुमार गुप्ता, अपर सचिव एवं बृजनन्दन कुमार, अभियंता प्रमुख ,सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता एवं सभी सम्बन्धित संवेदक उपस्थित थे.


