राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो सकती है बारिश, वज्रपात की संभावना

रांची: राज्य की मौसम ने एक बार फिर करवट लिया है. मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में जोरदार बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताया है. 20 से 22 सितंबर तक रांची में बादल छा रहेगें और साथ ही बारिश होने की संभावना है.

रविवार को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है. इसके साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है. रांची में काले बादल छाए हुए हैं.
उत्तर पूर्वी बंगाल में बन रहा दबाव
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इसका असर राज्य के कई हिस्सों में दिखेगा. कई जगहों पर मौसम साफ रहा तो कुछ जगह पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई. पिछले दो दिनों से रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है.
मानसून हो रहा है कमजोर
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मानसून झारखंड में कमजोर रहा. राज्य में कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे की बारिश हुई. सबसे अधिक बारिश 13.4 एमएम कुर्देग (सिमडेगा) में दर्ज की गई. सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रांची में जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस बोकारो और चाईबासा में दर्ज की गई.