Ranchi News: कांग्रेस चलायेगी 60 दिवसीय संविधान रक्षक अभियान
26 नवंबर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक चलेगा अभियान
.jpg)
पूरे अभियान के दौरान एससी,एसटी,ओबीसी, अल्पसंख्यक,महिला,युवा, किसान समुदायों की स्थिति को खराब करने और इन्हें लक्ष्य करने वाली विभाजनकारी नीतियों को उजागर किया जाएगा.
रांची: अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी जिला अध्यक्षों को 60 दिवसीय संविधान रक्षक अभियान पांच विषयों को लक्षित कर चलाने का निर्देश दिया है. उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि संविधान और समानता की लड़ाई,संविधान द्वारा गारंटीकृत आरक्षण की सुरक्षा,भेदभाव का उन्मूलन, गरीबों के संविधान विरुद्ध पूंजीवादी सरकार के पक्षपात को उजागर करना, संविधान द्वारा गारंटीकृत लोकतंत्र और स्वतंत्रता पर भाजपा के हमलों को लेकर यह अभियान चलाया जाएगा. 26 नवंबर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक यह अभियान चलेगा.

संविधान रक्षक अभियान के तहत रैलियाँ, जनसंपर्क, जमीनी स्तर पर जनसंवाद कर सभी मुद्दों को जनता के सामने लाया जाएगा. अभियान के द्वारा संविधान प्रदत अधिकारों, स्वतंत्रता और समानता की रक्षा को प्रतिबद्धता का प्रमाण बनाया जाएगा.