रिम्स के मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ उमेश प्रसाद का निधन

रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ उमेश प्रसाद का शनिवार को अहले सुबह निधन हो गया। रिम्स सूत्रों ने बताया कि डॉ उमेश मल्टीपल मायलोमा बीमारी से जूझ रहे थे। यह एक प्रकार का ब्लड कैंसर है। बीमार होने के बावजूद डॉ उमेश व्हीलचेयर के सहारे हर रोज मरीजों को देखने रिम्स आते थे।

डॉ उमेश प्रसाद को एक महीना पूर्व ही मेडिसिन विभाग का एचओडी बनाया गया था। विभाग के एचओडी डॉ जेके मित्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी। इससे पहले डॉ उमेश मेडिसिन विभाग के यूनिट इंचार्ज थे। प्रसाद के निधन की सूचना मिलते ही चिकित्सकों में शोक की लहर है।
डॉक्टर उमेश प्रसाद के निधन पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने शोक प्रकट किया है। मंत्री ने कहा कि रिम्स के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ उमेश प्रसाद के निधन की दुखद सूचना मिली। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को दुख सहने का साहस दे। इसके अलावा डॉ उमेश प्रसाद के निधन पर कई डॉक्टरों और नेताओं ने दुख प्रकट किया है।