संसद के केंद्रीय कक्ष में कल शपथ लेंगी द्रौपदी मुर्मू

नयी दिल्ली : देश की नवनिर्वाचित 15वीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल संसद के केंद्रीय कक्ष में शपथ लेंगी। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया न्यायमूर्ति एनवी रमना मुर्मू को शपथ दिलाएंगे जिसके बाद उन्हें इक्कीस तोपों की सलामी दी जाएगी।

मौके पर निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यसभा के सभापति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष , केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य, सभी राज्यपाल , सभी मुख्यमंत्री , विभिन्न देशाें के राजदूत, संसद सदस्य , वरिष्ठ असैन्य और सैन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। बता दें कि द्रौपदी मुर्मू को देश का 15वां राष्ट्रपति चुना गया है।
शपथ ग्रहण से पहले निवर्तमान राष्ट्रपति श्री कोविंद और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू भव्य पारंपरिक काफिले में संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में पहुंचेंगे। शपथ लेने के बाद श्रीमती मुर्मू संसद सदस्यों को संबोधित करेंगी। समारोह के समापन के बाद वह राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी जहां उन्हें पहुंचने पर सलामी गारद दी जाएगी। इसके बाद निवर्तमान राष्ट्रपति से शिष्टाचार मुलाकात होगी।
एकतरफा मुकाबले में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराया : देश के आज़ादी के 75 साल बाद पहली बार आदिवासी महिला के सबसे ऊंचे पद यानी राष्ट्रपति बनाया गया है। द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनाये जाने से झारखंड में भी खुशी का माहौल दिखा। मुर्मू झारखंड में 6 साल तक राज्यपाल रहीं हैं। वहीं, राष्ट्रपति पद के लिए हुए एकतरफा मुकाबले में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को बड़े अंतर से मात दी, द्रौपदी मुर्मू भारत की राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला हैं।
Latest News
