पैरालंपिक पदक विजेताओं को पीएम मोदी ने किया फोन, बोले- 'पदक जीतना देश के लिए सबसे बड़ा तोहफा'
पैरालंपिक में 57 पदक जीत चुका है भारत

पेरिस में आयोजित 2024 पैरालिंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। भारत ने पहली बार किसी पैरालिंपिक में 26 पदक हासिल किए हैं। भारत की झोली में छह स्वर्ण, नौ कांस्य और 11 रजत पदक हैं।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरालंपिक खेल के पदक विजेताओं हरविंदर सिंह, कपिल परमार, प्रणव सूरमा, सचिन सरजेराव खिलारी और धरमबीर से टेलीफोन पर बातचीत की और उन्हें जीत की बधाई दी।

पैरालंपिक में 57 पदक जीत चुका है भारत
भारत ने पैरालंपिक खेलों में कुल 57 पदक जीते हैं। इनमें 15 स्वर्ण, 21 रजत और 21 कांस्य पदक शामिल हैं। 1960 में पैरालंपिक खेलों की शुरुआत के बाद से भारत ने अब तक 12 संस्करणों में भाग लिया है और पेरिस 2024 भारत का अब तक का सबसे सफल पैरालंपिक खेल रहा है। इससे पहले 2020 में भारत ने पैरालंपिक में 19 पदक जीते थे।
इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस पैरालंपिक में शानदार प्रदर्शन कर रहे भारतीय एथलीटों से फोन पर बात की थी। पीएम मोदी ने योगेश कथुनिया, सुमित अंतिल, शीतल देवी और राकेश कुमार से बात की थी। योगेश कथुनिया ने पुरुष डिस्कस थ्रो एफ56 एथलेटिक्स में रजत पदक हासिल किया था। सुमित अंतिल ने जैवलिन थ्रो एफ64 एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीता था। राकेश कुमार और शीतल देवी ने मिक्स्ड टीम कंपाउंड ओपन तीरंदाजी में कांस्य पदक जीता था।
वहीं केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पेरिस पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन की सराहना करते हुए गुरूवार को कहा कि पूरे देश को इन खिलाड़ियों पर गर्व है।
पेरिस पैरालंपिक में भाग लेकर स्वदेश लौटे भारतीय खिलाड़ियों का स्वागत करने के बाद मांडविया ने कहा मुझे आज खुशी है कि पेरिस पैरालंपिक में हमारे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। खिलाडियों ने अपना जो कौशल दिखाया है, उस पर हम गर्व महसूस करते है। उन्होंने देश का गौरव भी बढ़ाया है। आज देश के हर नागरिक को हर पैरालंपिक खिलाड़ी पर गर्व महसूस होता है