रांची के अखबार : इडी ने कांग्रेस के एजेएल की संपत्ति जब्त की, गुमला में कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या, अन्य खबरें
प्रभात खबर ने आज अपने पहले पन्ने पर झारखंड में कोरोना के पूरे केस, ठीक हुए लोगों और कुल सैंपल संग्रह पर लीड स्टोरी बनायी है. इस खबर का शीर्षक है: झारखंड में 156 पाॅजिटिव में 78 स्वस्थ. अखबार ने लिखा है कि पूरे झारखंड में 19608 और रांची में 5930 सैंपल अबतक लिए गए हैं. उल्लेख है कि धनबाद में शनिवार को दो कोरोना मरीज मिले. दिल्ली से खबर है कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने अस्पताल से छुट्टी के नियम बदल दिए हैं और ठीक होने के बाद अस्पताल से घर लौटे मरीजों को सात दिन का कोरेंटिन का पालन करना होगा. आज मदर्स डे है, जिस पर अखबार ने पहले पन्ने पर एक स्टोरी छापी है, जिसका शीर्षक है: सेलिब्रेशन काफी नहीं, रखें मां का ख्याल. इसमें झारखंड की महिलाओं-बच्चियों के स्वास्थ्य के आंकड़ों का उल्लेख है.
अखबार ने अपने कवर पेज 2 पर रिम्स से बाहर आये कोरोना मरीजों की कहानी छापी है कि कैसे उन्होंने अस्पताल में दिन गुजारे और बीमारी को परास्त किया. अखबार ने कवर पेज 2 पर लीड खबर पलामू के हरिहरगंज की घटना को बनाया है : लेवी नहीं मिली तो माओवादियों ने क्रशन प्लांट के 13 वाहन फूंके. शुक्रवार की रात साढे दस बजे के करीब पौने घंटे उग्रवादियों ने तांडव मचाया. रांची से खबर है कि जिन वीवीआइपी के पास चार से कम बाॅडीगार्ड हैं, उनके साथ तैनात सुरक्षाकर्मी एके 47 नहीं रखेंगे. चतरा से एक खबर है कि शादी में भाग लेने वाले बराती, सराती व पंडित पर केस दर्ज हो गया. अखबार ने एक खबर दी है कि सीबीएसइ की काॅपियों का आज से मूल्यांकन शुरू होगा. वहीं, रांची से एक खबर है कि डाॅक्टर लाॅकडाउन में आॅनलाइन परामर्श दे रहे हैं. अखबार ने संताल परगना के तीन जिलों दुमका, देवघर व गोड्डा की डीसी पर एक स्टोरी छापी है. तीनों महिला हैं और कैसे संतुलन बनाकर वे काम कर रही हैं.


दैनिक भास्कर की लीड खबर है : झारखंड में 17 के बाद लाॅकडाउन में मिलेगी छूट, कल हो सकता है फैसला. एक खबर है 21 दिन बाद धनबाद में मां-बेटे पाॅजिटिव मिले, मुंबई से दोनों लौटे थे. एक खबर है कि कोरोना मरीज की देश में पहली सर्जरी भोपाल में हुई. अखबार ने खबर दी है कि प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड केस में एजेएल व मोतीलाल वोरा की 16.38 करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली है. एक खबर है: सचिन से बोलीं कलेक्टर कि मैं सुपरमैन की तरह कोरोना से लड़ रही हूं, अब चाहते हैं ये कहानी जल्द खत्म हो. मदर्स डे पर टाॅप में अखबार ने मां-बेटी के रिश्ते की दो कहानियां छापी हैं. इसमें एक का शीर्षक है: 18 माह की संक्रमित बेटी के साथ 20 दिन रही मां संक्रमण से बची. एक दूसरी स्टोरी है मां बोली बच्ची को छोड़ कर नहीं जाऊंगी, भले ही फिर से संक्रमित हो जाऊं.


